जनता के टैक्स का उपयोग राजनीतिक उद्देशों की पूर्ति के लिए किया जाना शर्मनाक : राईवाल
सड़के एवं नालिया हो रही जर्जर पर सत्ताधारी नेताओं की प्राथमिकता जनता के टैक्स से अपने नेताओं मूर्तियां एवं कमल के फूल की स्थापना : शारदा
निम्बाहेड़ा, 08 अगस्त 2026
स्मार्ट हलचल|जहां नगर में एक और नगर परिषद शेत्र में टूटी सड़कों, गंदी नालियों एवं सार्वजनिक रूप से फैली हुई गंदगी जैसे समस्याओं का अंबार लगा हुआ है वहीं दूसरी ओर सत्ताधारी भाजपा नेता अपने प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेताओं को खुश कर बड़े पद पाने के लिए जनता के टैक्स एवं नगर परिषद के राजस्व का अनैतिक उपयोग करने से बाज नहीं आ रहे हैं जिसे लेकर क्षेत्र की आम जनता में भारी रोष व्याप्त है।
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि आगामी कुछ दिनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री निम्बाहेड़ा में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति का लोकार्पण करने के लिए आने वाले हैं लेकिन जनता के मन में यही सवाल उठ रहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के बावजूद केवल एक चौराहे का उद्घाटन करने एवं सरकारी धन पर आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज हेतु चुनाव प्रचार करने को लालायित हो रहे हैं, लेकिन एक मुख्यमंत्री अगर पिछले 3 साल से निर्माणाधीन पड़े जिला चिकित्सालय भवन को लेकर ना तो वे और ना ही स्थानीय विधायक चिंतित है। जनता में चर्चा है कि इतने बड़े पद पर बैठे व्यक्ति एक चौराहे नहीं बल्कि जिला चिकित्सालय भवन का लोकार्पण करते तो जनता को इसका लाभ मिलता। जनता इस बात से रोष में है कि जहां एक ओर स्थानीय नेता एवं राज्य सरकार बजट की कमी होने का ढिंढोरा पिटती रहती है वहीं दूसरी ओर करोड़ों रुपए की लागत से अपनी विचारधारा से संबंध रखने वाले नेताओं की विशालकाय मूर्तियां स्थापित करके जनता के टैक्स एवं नगर परिषद का राजस्व का दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही अपने नेताओं एवं अन्य महापुरुषों की मूर्ति स्थापना में भी स्थानीय नेताओं ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं पार कर दी हैं जिसकी गूंज राजस्थान विधानसभा में भी गत दिसंबर माह में उठी थी परंतु राजनेताओं के संरक्षण एवं संगठित भ्रष्टाचार की वजह से आज तक राज्य सरकार द्वारा इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है जो शर्मनाक है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष बंशीलाल राईवाल ने कहा कि जनता के टैक्स का उपयोग अपने राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किया जाना अनैतिक एवं शर्मनाक है। कांग्रेस शासन में भी नगर में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी एवं अमर शहीद भगतसिंह, सुखदेव, राजगुरु की मूर्ति स्थापित की गई थी लेकिन उन मूर्तियों का सारा खर्च कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर किया था, लेकिन आज भाजपा नेताओ की मूर्तियां सरकारी पैसे से स्थापित की जा रही है जो नियमों के तो विपरीत है ही साथ ही जनता द्वारा दिए जाने वाले टैक्स का खुला दुरुपयोग भी है। भाजपा के नेता केवल अपनी जेब भरने के लिए सारे नियमों के विपरीत जाकर, भिन्न-भिन्न और अनैतिक शर्तें टेंडर में डालकर पूरी प्रक्रिया को ही दूषित कर रहे हैं जिससे राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। भाजपा नेता जनहितैषी कार्यों से दूरी बनाते हुए केवल अपने राजनीतिक एवं निजी उद्देश्यों की पूर्ति करने में लगे हुए हैं जिससे क्षेत्र की जनता में भारी रोष है। अभी हाल ही में नगर परिषद द्वारा करोड़ों रुपए की लागत के टेंडर जारी किए गए हैं इसको लेकर भाजपा नेताओं की सोच है कि इन टेंडर का दुरुपयोग आगामी नगर परिषद चुनाव को प्रभावित करने के लिए आचार संहिता के दौरान निर्माण कार्य करवा कर किया जाए ताकि पिछले ढाई साल के जनता के रोष को शांत कर राजनीतिक लाभ लिया जा सके, इसको लेकर हम प्रशासन को चेतावनी देना चाहते हैं कि यदि उनके निर्देशन में आगामी नगर परिषद चुनाव को प्रभावित करने के लिए कोई भी अनैतिक कार्य किया गया तो प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के पश्चात उनके द्वारा किए गए कृतियों की हम जांच करवाएंगे जिसका खामियाजा केवल प्रशासनिक अधिकारियों को ही भुगतना पड़ेगा इसलिए हमारी विनम्र आग्रह है कि अधिकारी किसी पार्टी के एजेंट के रूप में कार्य ना करें।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुभाषचंद्र शारदा ने बताया कि कांग्रेस शासन में नगर पालिका की प्रथम प्राथमिकता क्षेत्र में सड़कों को सुदृढ़ बनाने, नालिया-सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त करना, क्षेत्र में सफाई एवं कचरा निस्तारण प्रक्रिया को व्यवस्थित करना था जिसमें हम सफल भी हुए थे परंतु जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है स्थानीय सत्ताधारी नेताओं ने नगर परिषद के राजस्व का उपयोग केवल भाजपा नेताओं एवं अपने चुनावी फाइनेंसरों द्वारा विकसित की गई कॉलोनीयों में अनुबंध की शर्तों के विपरीत जाकर सरकारी धन पर सड़कों का निर्माण करवा अनैतिक लाभ देने का कार्य किया गया है, लेकिन शहर में ऐसे क्षेत्र जिनकी सड़के, नालिया पिछले कुछ समय में पूरी तरह का क्षतिग्रस्त हो गई है उन पर केवल इस वजह से ध्यान नहीं लगाया गया है कि वहां पर भाजपा विचारधारा से संबंध ना रखने वाले अथवा आर्थिक रूप से कमजोर लोग जो अपनी आवाज नहीं उठा पाते है निवास करते हैं। जहां एक और नगर की जनता सड़क, नाली, सफाई एवं सीवरेज जैसी मूलभूत समस्याओं में सुधार की मांग करती आई है वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता प्रशासन का दुरुपयोग करते हुए लाखों रुपए की लागत से वंडर टाउनहाल में भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के फूल की स्थापना करने में लगे हुए हैं जो जनता के धन का खुला दुरुपयोग है। अभी हाल ही में पूरे शहर में देखा कि कैसे बीएसएनएल ऑफिस एवं बैडमिंटन हॉल के बाहर की सुव्यवस्थित सड़क को केवल इसलिए को दिया गया की यहां अनचाहा निर्माण करवा आने वाले नगर परिषद चुनाव हेतु ठेकेदारों से धन की उगाही की जा सके परंतु ऐसी सड़कों को बदहाल छोड़ दिया गया जो पूरी तरीके से जर्जर है जहां आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल होते रहते हैं। साथ ही जेके तिराहे पर यातायात को सुगम बनाने के लिए जो कट बनाया गया था उसे भी दीवार चुनकर एवं पास वाले डिवाइडर को आगे बढ़ते हुए बंद कर दिया गया है जिससे अटल नगर, गोवर्धन नगर, कंचन रिजॉर्ट, जेके ऑफिसर एवं लेबर कॉलोनी इत्यादि क्षेत्र में रहने वाली जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ेगा क्योंकि अब यह क्षेत्र दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है। स्थानीय निवासियों एवं दुकानदारों ने इसको लेकर प्रशासन के समक्ष आपत्ति भी दर्ज करवाई थी लेकिन स्थानीय प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में आकर जनसमस्याओं से अपना मुंह मोड़ चुका हैं जो प्रशासन की कमजोरी को स्पष्ट इंगित करता है।
नगर कांग्रेस संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी ने बताया कि जनता के टैक्स से भाजपा के चुनाव चिन्ह को स्थापित करने को लेकर कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उपखंड अधिकारी जो नगर परिषद के प्रशासक भी हैं को ज्ञापन सोपा गया था परंतु उस ज्ञापन का ना तो प्रशासन पर कोई असर हुआ है और ना ही नगर परिषद पर कब्जा जमाए बैठे भाजपा नेताओं पर। ज्ञापन के पश्चात नगर कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल 181 पर जब इसकी शिकायत दर्ज करवाई गई तो स्थानीय नगर परिषद के अधिकारियों ने उसमें जवाब देते हुए शिकायत का निस्तारण कर दिया कि नगर परिषद द्वारा राष्ट्रीय फूल की स्थापना की जा रही है परंतु जब कॉल सेंटर से पुनः कार्यकर्ताओं के पास शिकायत निवारण से संतुष होने के लिए फोन आने लगे तो सभी कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद से कमल के फूल का डिजाइन सार्वजनिक करने की मांग की क्योंकि राष्ट्रीय फूल का डिजाइन अलग है एवं भाजपा के चुनाव चिन्ह का डिजाइन अलग है परंतु आज तक नगर परिषद द्वारा वह डिजाइन सार्वजनिक नहीं की गई है जो प्रशासन पर सत्ताधारी नेताओं के दबाव को स्पष्ट इंगित करता है। पूरा शहर कचरे के ढेर में तब्दील होता जा रहा है क्योंकि क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण की प्रक्रिया बिल्कुल शिथिल पड़ी है कई मोहल्ले तो ऐसे हैं जहां 8-10 दिनों तक कचरा संग्रहण वाली गाड़ी पहुंचती ही नहीं है परंतु नगर परिषद का कचरा संग्रहण, निस्तारण एवं सफाई व्यवस्था को लेकर कोई सकारात्मक प्रयास नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस सरकार में स्वच्छता सर्वेक्षण में निम्बाहेड़ा नगर संपूर्ण राजस्थान में नगर पालिका स्तर पर द्वितीय स्थान पर था, परंतु आज अगर नगर की सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी जाए तो वह राजस्थान में 309 नगर निकायों में लगभग सबसे पिछले स्तर पर है।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष परवेज अहमद शिब्बी ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा भाजपा नेताओं के दबाव में जाकर किए जा रहे अनैतिक कार्यों को बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस क्षेत्र की आम जनता का सहयोग लेते हुए एक बड़ा जन आंदोलन करेगी जिसमें सत्ताधारी नेताओं के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा एवं पिछले दो सालों में नगर परिषद के माध्यम से हुए भ्रष्टाचार की जांच करवा कर सभी दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी एवं प्रशासनिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी जिसका प्रभाव भ्रष्टाचार करने वाले राजनेताओं पर ना सही परंतु उन अधिकारियों-कर्मचारियों की सर्विस बुक पर अवश्य पड़ेगा जो सत्ताधारी राजनेताओं के दबाव में आकर अनैतिक कार्य करने में लगे हुए हैं।
जिला कांग्रेस महासचिव मनोज पारख, नुसरत खान, बाड़ी मंडल अध्यक्ष जीवन आंजना, किसान कांग्रेस अध्यक्ष अंकित जाट, सेवादल संयोजक दिनेश गुप्ता, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष ललित पहाड़िया, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोहम्मद कुरैशी, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष राजू भील, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश माली, कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ अध्यक्ष अहमद हुसैन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पारख, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन अध्यक्ष रोमी पोरवाल, नगर निकाय प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश सांड, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष नदीम खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोमिल चौधरी, एनएसयूआई नगर अध्यक्ष राहुल सेन सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं एवं अधिकारियों द्वारा संगठित रूप से नगर परिषद के माध्यम से किए जा रहे भ्रष्टाचार, जनता के द्वारा दिए गए टैक्स एवं नगर परिषद के राजस्व का दुरुपयोग करने की भर्त्सना की है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी चेतावनी दी है कि वह सत्ताधारी नेताओं के दबाव में आकर कार्य करना बंद करें अन्यथा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के पश्चात इसके दुष्परिणाम अवश्य सामने आएंगे जिसका भुगतान इस भ्रष्टाचार में लिप्त सभी नेताओं एवं अधिकारियों को करना पड़ेगा।
