निम्बाहेड़ा 08 अगस्त। स्मार्ट हलचल|पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन एवं कर्बला के शहीदों की याद में आयोजित ऐतिहासिक दो दिवसीय चालीसवां मोहर्रम शुक्रवार को अकीदत, एहतराम और रूहानी माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। ताजियों के भव्य जलसे में राजस्थान, मध्यप्रदेश सहित उदयपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन निम्बाहेड़ा पहुंचे। शहर देर रात तक या हुसैन की सदाओं से गूंजता रहा।
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सब्जी मंडी से ताजिया नंबर-1 के जलसे का आगाज हुआ। जुलूस कोतवाली थाने के पीछे, साजन लस्सी के पास, सब्जी मंडी चौराहा, शास्त्री मार्केट, चित्तौड़ी दरवाजा, कैंची चौराहा, नूर महल रोड, कम्युनिटी हॉल के पीछे वाली गली, पोस्ट ऑफिस रोड, मंडी चौराहा, बस स्टैंड एवं चंदन चौक होते हुए देर रात करीब 3 बजे अंजुमन चौक पहुंचा। यहां शहर के विभिन्न ताजिये एकत्रित हुए। फातेहा ख्वानी के बाद देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं की गईं। इसके पश्चात कुल का छींटा लगाकर ताजियों को ठंडा किया गया।
*नातिया और मनकबती कलाम से बांधा समां*
जलसे के दौरान मध्यप्रदेश के फेमस न्यू मालवा बैंड ताल से शरीफ हाजी साहब एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक नातिया, मनक़बती एवं मसीहे कलाम पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। वहीं नीमच के मशहूर बशीर भाई एंड ढोल पार्टी ने ढोल की थाप से जलसे में उत्साह और उमंग भर दी। जायरीनों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की खूब प्रशंसा की।
*अखाड़े में युवाओं ने दिखाए हैरतअंगेज करतब*
जुलूस के दौरान अखाड़े में युवाओं ने भारी वजन उठाने सहित विभिन्न हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। युवाओं के साहस और कला का प्रदर्शन देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जायरीनों ने करतबों की खूब सराहना की।
*जगह-जगह लंगर और शरबत की व्यवस्था*
चालीसवां मोहर्रम में शामिल होने पहुंचे जायरीनों की सेवा के लिए शहर की विभिन्न मुस्लिम कमेटियों की ओर से जगह-जगह लंगर, भोजन, शरबत, अल्पाहार, चाय-नाश्ते सहित अन्य ठहरने की व्यवस्थाएं नि:शुल्क की गईं। सेवा और मेहमाननवाजी का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
*अतिथियों की दस्तारबंदी कर किया इस्तकबाल*
मेवाफरोश मोहर्रम कमेटी की ओर से सब्जी मंडी चौराहे पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुभाषचंद्र शारदा, उपाध्यक्ष परवेज अहमद शिब्बी एवं पूर्व पार्षद रविप्रकाश सोनी की साफा बांधकर दस्तारबंदी कर गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया। साथ ही मुस्लिम कमेटियों के साथ हमेशा जुड़े रहकर सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहयोग प्रदान करने वाले पत्रकार मोईन खान का भी साफा बांधकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
*मुस्तैदी से तैनात रहा पुलिस प्रशासन*
विशाल जुलूस को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर पुलिस जाप्ता मुस्तैदी से तैनात रहा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए। शांतिपूर्ण माहौल में चालीसवां मोहर्रम सम्पन्न होने पर आयोजकों एवं प्रशासन ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।
इस मौके पर मेवाफरोश मोहर्रम कमेटी के रफीक उस्ताद, जाकिर मेवाफरोश, मेहबूब मेवाफरोश, शहजाद मेवाफरोश, अख्तर मेवाफरोश, मेवाती चौक मोहर्रम कमेटी के उस्ताद गुड्डा मेव, जावद दरवाजा मोहर्रम कमेटी के बबलू उस्ताद, टकुन उस्ताद, जामा मस्जिद, बड़ा कसाई मोहल्ला, इंद्रा, कॉलोनी, कच्चीबस्ती सहित शहर की विभिन्न मोहर्रम कमेटियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद रहे।
