प्रदेश में लगाये जायेंगे 11 करोड़ पोधे, बूंदी जिले में लगाये जायेंगे 25 लाख पोधे।
बूंदी-स्मार्ट हलचल|’हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम’ सघन पौधारोपण अभियान का शुभारंभ शनिवार को हुआ. इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हरियाली सिर्फ पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनाने के संकल्प से आएगी और प्रकृति की रक्षा के लिए देश में अनेक लोगों ने बलिदान दिए हैं, इसलिए उनके त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए. बिरला ने कोटा-बूंदी को हरा-भरा बनाने को अपनी ‘जिद’ बताया. कार्यक्रम में एक साथ 1111 पौधे लगाए गए.
बिरला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. पूरा भारत यदि संकल्प के साथ प्रकृति संरक्षण के लिए आगे बढ़े तो बड़ा बदलाव लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि बूंदी की पहचान प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जुड़ाव रखने वाले क्षेत्र के रूप में रही है. अब शहर से लेकर गांव और ढाणी तक पौधरोपण का संकल्प लेना होगा. बिरला ने कहा कि जीवनशैली को पर्यावरण के अनुरूप बनाने की जरूरत है. पौधा लगाना शुरुआत है, असली जिम्मेदारी उसे पालने और संरक्षित करने की है. हर व्यक्ति अपने जीवन में लगाए गए पौधे को परिवार के सदस्य की तरह देखे और उसके पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करे.
पेड़ लगाएंगे तो बारिश का संकट भी घटेगा
अध्यक्षता कर रहे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रधानमंत्री का आह्वान है, जिसे जनभागीदारी से सफल बनाना है. उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का पेड़ों और पर्यावरण के प्रति गहरा लगाव रहा है और वे लंबे समय से लोगों को पौधे वितरित कर उन्हें पौधारोपण के लिए प्रेरित करते रहे हैं. नागर ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पेड़-पौधे लगाए जाएं तो पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी. इसके लिए समाज को जागरूक होना होगा. हमारे ग्रंथों में भी पेड़-पौधों और प्रकृति के महत्व को समझाया गया है. प्रकृति ने हमें हमेशा दिया है और भारतीय संस्कृति ने प्रकृति को पूजा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि जीवन के प्रत्येक शुभ कार्यक्रम में पौधा लगाने की परंपरा शुरू करें और इसे संकल्प के रूप में अपनाएं.
प्रदेश में 11 करोड़, बूंदी में 23 लाख पौधों का लक्ष्य: मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश में 11 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि बूंदी जिले में इस वर्ष 23 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए विभिन्न विभागों को सघन पौधारोपण की जिम्मेदारी दी गई है. जिले में अब तक करीब 11 लाख पौधे रोपे जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान शहर में एक साथ रोपे 1111 पौधे
डीएफओ आलोक नाथ गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड और खेल संकुल क्षेत्र में 1111 पौधे लगाए गए, जबकि दोनों स्थानों पर मिलाकर करीब 5 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पूर्व विधायक अशोक डोगरा, एसपी अविनाश कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. अंत में डीएफओ आलोक नाथ गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।
