विश्व आदिवासी दिवस पर बनेड़ा में होगा भव्य आयोजन रायला से निकलेगी विशाल वाहन रैली

रायला से बनेड़ा तक गूंजेगा आदिवासी एकता का संदेश, खेल मैदान में होगी जनसभा

*शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों और समाज के विकास पर होगा मंथन*

सुरज वर्मा

स्मार्ट हलचल|बनेड़ा में संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) द्वारा घोषित विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त 2026, रविवार को बनेड़ा तहसील में भील समाज की ओर से जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत रायला से बनेड़ा तक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे। रैली के बाद बनेड़ा स्थित अक्षय स्मारक माध्यमिक विद्यालय के खेल *मैदान में विशाल जनसभा आयोजित होगी।*
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे रायला ईरास चौराहे से वाहन रैली का शुभारंभ होगा। रैली रायला गांव, लोठियास चौरासी होते हुए भील समाज बाबा रामदेवजी मंदिर, काला का खेड़ा, लाम्बिया खुर्द, सरदारपुरा और सालरिया कला से होकर बनेड़ा में प्रवेश करेगी। इसके बाद रैली माली मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड होते हुए तहसील कार्यालय के सामने से गुजरकर अक्षय स्मारक माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान पहुंचेगी। रैली के दोपहर करीब 2 बजे खेल मैदान पहुंचने के बाद जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जो शाम तक चलेगी।
*शिक्षा और सामाजिक सुधार पर होगा विशेष मंथन*
जनसभा में समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को आगे लाने, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा समाज में जागरूकता और एकता मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। समाज के विकास के लिए आवश्यक कार्यों एवं भविष्य की दिशा पर भी मंथन किया जाएगा।
*आरक्षण उप-वर्गीकरण को राजस्थान में लागू करने की मांग*
कार्यक्रम के दौरान सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आरक्षण के उप-वर्गीकरण से जुड़े निर्णय के संदर्भ में राजस्थान में भी इसे शीघ्र लागू करने की मांग उठाई जाएगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। आयोजकों का कहना है कि समाज की मांगों और अधिकारों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
विश्व आदिवासी दिवस के इस जिला स्तरीय आयोजन को लेकर भील समाज में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर वाहन रैली एवं जनसभा को सफल बनाने का आह्वान किया है।