ब्यावर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, देशभक्ति के रंग में रंगेगा पूरा जिला

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलेभर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना का संचार करने के लिए प्रशासन द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला कलक्टर कमल राम मीना के निर्देशन में 9 से 17 अगस्त तक जिले में विभिन्न राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए ध्वज संहिता के पालन के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

प्रभात फेरी से होगी अभियान की शुरुआत
अभियान का आगाज 9 अगस्त को भव्य तिरंगा प्रभात फेरी के साथ होगा, जिसमें विद्यार्थी, युवा और नागरिक भाग लेकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश देंगे। इसके बाद 10 अगस्त को जिले के सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों के योगदान पर आधारित विशेष जागरुकता व शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

तिरंगा यात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
13 से 17 अगस्त के दौरान जिले भर में प्रमुख तिरंगा यात्राएं, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। 14 अगस्त को विशेष देशभक्ति कार्यक्रम होंगे, जबकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय, सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा।

डिजिटल माध्यमों से जुड़ेंगे नागरिक
जनसहभागिता को बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा। आमजन को तिरंगे के साथ अपनी ‘तिरंगा सेल्फी’ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

ध्वज संहिता का पालन अनिवार्य
जिला कलक्टर कमल राम मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी आयोजनों में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और मर्यादा का पूर्ण ध्यान रखा जाए। जिला प्रशासन ने ब्यावर जिले के सभी निवासियों, व्यापारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।