ढूंढिया चौराहे पर बबूल की झाड़ियों से हादसे का खतरा, जिम्मेदारों से सफाई की मांग

(नरेश कुरेडा)

पीपलू  ।स्मार्ट हलचल|स्टेट हाईवे-121 से कुरेड़ा गांव की तरफ निकलने वाले कट पर सड़क किनारे उगी बबूल की झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। झाड़ियों के चलते स्टेट हाईवे से आने-जाने वाले वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ढूंढिया चौराहे पर कट के आसपास बबूल की झाड़ियां काफी बढ़ गई हैं, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो गई है। खासकर हाईवे से कुरेड़ा की ओर मुड़ते समय वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों को देखने में परेशानी होती है।

चौराहे और कट पर पर्याप्त दृश्यता सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। हाईवे जंक्शन पर दृश्यता बाधित होने से टक्कर का जोखिम बढ़ सकता है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि ढूंढिया चौराहे के कट के आसपास उगी बबूल की झाड़ियों को तत्काल हटाया जाए, ताकि वाहन चालकों को साफ दिखाई दे और संभावित हादसे को टाला जा सके। लोगों का कहना है कि हादसा होने का इंतजार करने के बजाय विभाग को समय रहते सुरक्षा की दृष्टि से कार्रवाई करनी चाहिए।