नामदेव समाज मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ हवन, शिव परिवार एवं संत नामदेव जी की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ

 

समाजबंधुओं ने यज्ञ में दी आहुतियां, सुख-समृद्धि और शांति की कामना; सोमवार को होगी मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण

मोनू सुरेश छीपा।

शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|श्री नामदेव छीपा समाज सेवा समिति, शाहपुरा के तत्वावधान में श्री रघुनाथ जी महाराज मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय शिव परिवार एवं संत नामदेव जी की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह का शुभारंभ रविवार को धार्मिक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।समारोह के प्रथम दिवस अशोक कुमार पोडंरिक के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ हवन कराया गया। हवन में समाजबंधुओं ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कर समाज, परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।

हवन कार्यक्रम में सौरभ नरबान एवं रेणु धनोपिया तथा सुनील कुमार बघेरवाल एवं गुड्डी मालीवाल ने सपत्नीक यज्ञ में बैठकर विधिवत आहुतियां दीं। इस दौरान मंदिर परिसर धार्मिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति भाव से गूंज उठा।

नामदेव समाज के मोनू सुरेश छीपा ने बताया कि दो दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ संत नामदेव जी के आदर्शों और सनातन संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष उदय लाल चिचोदिया, सचिव अनिल कुमार बघेरवाल, गोपाल नरबाण, कोषाध्यक्ष रामनारायण नरबान, बंशीलाल मुल्तानी, ओम प्रकाश लफून्दरा, ओम प्रकाश अमरवाल, पवन कुमार मुल्तानी, कान्ता देवी अंछारा, ललिता गंगवाल, शकुंतला बघेरवाल, ज्योति बघेरवाल, मधु अमरवाल एवं सुमित्रा नरबान सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सोमवार को प्राण-प्रतिष्ठा, लोकार्पण एवं महाआरती

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिवस हवन के पश्चात रात्रि 8 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सोमवार को प्रातः 9:15 बजे शिव परिवार एवं संत नामदेव जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इसके बाद प्रातः 11:15 बजे लोकार्पण कार्यक्रम तथा दोपहर 12 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। समिति ने समस्त नामदेव छीपा समाज, शाहपुरा सहित क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया।