टोल प्लाजा से जहाजपुर और बूंदी की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज जांचे, बदमाशों की तलाश में जुटी शकरगढ़ पुलिस
अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|हाईवे 148डी पर दुकान पर बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए तीन अज्ञात बदमाशों के मामले में शकरगढ़ पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साथ हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
पुलिस ने टोल प्लाजा क्षेत्र से लेकर जहाजपुर की तरफ जाने वाले मार्ग और बूंदी की तरफ जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों को भी जांच के दायरे में लिया है। पुलिस टीम फुटेज के जरिए वारदात के बाद बदमाशों के आने-जाने वाले रास्ते और उनके संभावित वाहन की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार हाईवे 148डी पर एक दुकान पर बैठी महिला गीता देवी शर्मा के गले से तीन अज्ञात बदमाश मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने शकरगढ़ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बदमाश किस दिशा में भागे, फुटेज से तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद आरोपी जहाजपुर की ओर गए या बूंदी की तरफ भागे। इसके लिए हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को क्रमवार देखा जा रहा है। संदिग्ध वाहन नजर आने पर उसके आगे-पीछे के कैमरों से भी फुटेज मिलान किया जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि बदमाश आसपास के क्षेत्र की जानकारी रखने वाले हो सकते हैं। बूंदी की तरफ से आने-जाने वाले संदिग्धों के एंगल को भी जांच में शामिल किया गया है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।
शकरगढ़ पुलिस की टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वारदात के तुरंत बाद जांच शुरू कर दिए जाने से आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
