ब्यावर नगर परिषद चुनाव-2026: निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन मुस्तैद, एसडीएम दिव्यांश सिंह ने ली 27 प्रकोष्ठों की बैठक

लापरवाही और आचार संहिता उल्लंघन पर होगी सीधी कार्रवाई, ईवीएम सुरक्षा और संवेदनशील बूथों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद ब्यावर आम चुनाव-2026 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) दिव्यांश सिंह (IAS) ने चुनाव संचालन के लिए गठित सभी 27 प्रकोष्ठों के प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के प्रमुख फैसले और निर्देश:
एकल खिड़की से तुरंत मिलेंगी अनुमतियां: प्रत्याशियों को रैली, जुलूस, प्रचार और वाहनों की अनुमति के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को सुचारू रखने और आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

EVM और स्ट्रांग रूम की अभेद्य सुरक्षा: ईवीएम के रेंडमाइजेशन और मास्टर डेटा अपडेट करने के साथ ही मतदान के बाद ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए अस्थाई स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील केंद्रों पर पैनी नजर: अतिसंवेदनशील व संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल, वीडियोग्राफी और माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे।
मतदाताओं के लिए बूथों पर सुविधाएं: दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सुगमता के लिए हर बूथ पर रैंप, व्हीलचेयर, पेयजल, छाया और वॉलिंटियर्स की माकूल व्यवस्था रहेगी।
रोजाना देनी होगी प्रगति रिपोर्ट: एसडीएम दिव्यांश सिंह ने सभी 27 प्रकोष्ठों को आपस में बेहतर समन्वय बनाने और दैनिक प्रगति रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं। बिना पूर्व अनुमति उपखंड मुख्यालय से बाहर के कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी में न लगाने की बात भी कही गई।