6वें दिन भी जारी रहा ‘सरकना बचाओ आंदोलन’,आज श्री सीमेंट प्रबंधन का पुतला फूंकेंगे ग्रामीण

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जल, जमीन, पर्यावरण, कृषि और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए ग्राम सरकना में शुरू हुआ “सरकना बचाओ आंदोलन” रविवार को छठे दिन भी लगातार जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और संघर्ष समिति के सदस्यों ने हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन एवं श्री सीमेंट प्रबंधन द्वारा उनकी मांगों का लिखित व ठोस समाधान नहीं निकाला जाता, संघर्ष जारी रहेगा।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने दिया समर्थन
आंदोलन के छठे दिन ग्रामीणों का हौसला बढ़ाने कई सामाजिक व क्षेत्रीय प्रतिनिधि धरना स्थल पहुंचे। इस दौरान ओम काठात चितार, अनिल काठात, नवयुवक मंडल अध्यक्ष रज्जाक काठात, कैलाश जी पिपलाज, सलीम जी खीमपुरा, रसूल, रफीक, फजल, स्वास्थ्य प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष इकबाल काठात, अमीन काठात एवं सलीम भाई लसाड़िया सहित कई साथी पहुंचे और ग्रामीणों के शांतिपूर्ण संघर्ष को अपना पूरा समर्थन दिया।
तत्काल समाधान की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ग्रामीणों और संघर्ष समिति ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे गांव के भविष्य, रोजगार और आने वाली पीढ़ियों की जल-जमीन को बचाने की है। समिति ने स्पष्ट किया कि वे किसी प्रकार का टकराव नहीं चाहते और संवाद के जरिए स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
शांतिपूर्ण धरने के बावजूद ठोस पहल न होने पर संघर्ष समिति ने आज प्रातः 11:00 बजे विरोध स्वरूप श्री सीमेंट मैनेजमेंट का पुतला दहन करने का ऐलान किया है। समिति ने आसपास के सभी गांवों के लोगों से बड़ी संख्या में जुटने का आह्वान करते हुए प्रदर्शन को पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण रखने की अपील की है।