ब्यावर में आज “महिला सुरक्षा संकल्प” कार्यक्रम: डीजीपी मालिनी अग्रवाल करेंगी महिलाओं व बालिकाओं से संवाद

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिले के वर्धमान महाविद्यालय में आज प्रातः 9:00 बजे “महिला सुरक्षा संकल्प” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत पुलिस महानिदेशक (यातायात) मालिनी अग्रवाल ब्यावर जिले की महिलाओं और बालिकाओं के साथ सीधा संवाद करेंगी।
पुलिस अधीक्षक (ब्यावर) रतन सिंह ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव शर्मा के निर्देशानुसार सम्पूर्ण राजस्थान में 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” चलाया गया था। इसी श्रृंखला में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कानूनी जानकारी और रैली का होगा आयोजन
इस कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े कानूनों, नवीन न्याय संहिता, साइबर सेफ्टी, हेल्पलाइन नंबरों, राजकॉप ऐप और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही महिला सुरक्षा का संदेश देने के लिए एक ‘वाहन सुरक्षा रैली’ निकाली जाएगी और थाना परिसर में स्कूली बालिकाओं के साथ पुलिस अधिकारियों का सीधा संवाद आयोजित किया जाएगा।

विविध योजनाओं पर रहेगा जोर
अभियान के मुख्य उद्देश्यों में हर स्तर पर महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना शामिल है। कार्यक्रम में वरिष्ठ जन सम्बल योजना, बाल-बालिकाओं में जेंडर सेंसिटाइजेशन, महिला पुलिस कर्मियों को सुरक्षा प्रशिक्षण देने के साथ-साथ स्लम एरिया, महिला श्रमिकों और एकल बुजुर्ग दंपतियों से संवाद स्थापित करने की योजना बनाई गई है।