हाजियों की बेहतरीन ख़िदमात और निःशुल्क सेवाओं के लिए अमन मददगार कमेटी चोखला-कपासन ने दिया प्रशंसा-पत्र व सम्मान
कपासन, 9 अगस्त,2026
स्मार्ट हलचल|अमन मददगार कमेटी चोखला-कपासन की ओर से रविवार को आयोजित प्रथम प्रतिभा सम्मान समारोह ‘जशन-ए-जहन रसा 2026’ में जिला हज ख़िदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ को जिलेभर में हाजियों की बेहतरीन ख़िदमात करने के लिए प्रशंसा-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हज ख़िदमत कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सेवाओं की सराहना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि हज़रत दीवाना शाह बाबा दरगाह कमेटी कपासन के सदर एजाज़ अहमद तथा विशिष्ट अतिथि आरएनटी ग्रुप एंड कॉलेज के चेयरमैन वसीम खान एवं डॉ. एजाज़ खान, उदयपुर रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाली प्रतिभाओं एवं संस्थाओं का सम्मान किया गया।
*जिलेभर में हाजियों को मिल रही निःशुल्क सेवाएं*
जिला हज ख़िदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार ने बताया कि हाजियों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में हज ख़िदमत कमेटियों का गठन किया गया है। इनमें चित्तौड़गढ़, रावतभाटा, कपासन, बेगूं, बस्सी एवं सावा की कमेटियां शामिल हैं। इन कमेटियों द्वारा हाजियों को विभिन्न सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि हज के आवेदन-पत्र भरने, मेडिकल करवाने, हज की किश्त जमा करवाने में सहयोग, हज से जुड़ी नवीनतम जानकारी एवं आवश्यक सलाह देने के साथ ही हज हाउस जयपुर तक हाजियों को पहुंचाने तथा रिपोर्टिंग की प्रक्रिया में सहयोग सहित अनेक सेवाएं कमेटी के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे जिलेभर के हाजियों को काफी सहूलियत मिल रही है।
*पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है सम्मान*
जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार ने कहा कि कपासन की अमन मददगार कमेटी द्वारा दिया गया यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में हज ख़िदमत के लिए समर्पित पूरी टीम की मेहनत और ख़िदमात का सम्मान है। उन्होंने कमेटी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी हाजियों की सेवा, मार्गदर्शन और सहयोग का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि हज ख़िदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के सदर सिब्तेन हैदर, जिला हज ट्रेनर हाजी गुलाम हुसैन, रावतभाटा हज ख़िदमत कमेटी के सदर शकील अहमद, बेगूं हज ख़िदमत कमेटी के सदर इरफान नीलगर, बस्सी हज ख़िदमत कमेटी के सदर मंजूर कुरैशी, कपासन हज ख़िदमत कमेटी के सफर हाजी याकूब खान पठान एवं हाजी अख्तर अली बुखारी तथा सावा हज ख़िदमत कमेटी के सदर सलाहुद्दीन शेख सहित पूरी टीम द्वारा हाजियों की ख़िदमत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।
*निंबाहेड़ा कमेटी के पदाधिकारियों ने की शिरकत*
सम्मान समारोह में हज ख़िदमत कमेटी निंबाहेड़ा के सदर मतलूब अजमेरी, सचिव हाजी अख्तर पटेल, सलाहकार मोहम्मद फारूक छिपा, कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम एडवोकेट, इमरान खान एवं अनीस अहमद शेख ने शिरकत की और सम्मान समारोह में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अमन मददगार कमेटी चोखला-कपासन के सदर हाजी मुंशी मोहम्मद ने जिला हज ख़िदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मान मिलने पर मुबारकबाद पेश करते हुए हाजियों की ख़िदमत के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
*सम्मान से बढ़ा हौसला, ख़िदमत का सिलसिला रहेगा जारी*
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि हज जैसी पवित्र यात्रा पर जाने वाले जायरीनों को सही जानकारी, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना समाजसेवा के साथ-साथ इंसानियत की भी बड़ी ख़िदमत है। जिला हज ख़िदमत कमेटी द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों से हाजियों को यात्रा की तैयारियों से लेकर हज हाउस तक पहुंचने की प्रक्रिया में मदद मिल रही है। कमेटी के पदाधिकारियों ने सम्मान के लिए अमन मददगार कमेटी चोखला-कपासन का आभार व्यक्त किया।
