अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|एकादशी (ग्यारस) के पावन पर्व पर शहर के विभिन्न खाटू श्याम मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मंगला आरती के साथ ही बाबा श्याम के दर्शनों के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर शाम तक अनवरत जारी रहीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री श्याम’ और ‘हरे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक रूप से मनमोहक फूलों और भव्य पोशाक से विशेष श्रृंगार किया गया। दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर कमेटियों की ओर से भक्तों को कतारबद्ध दर्शन करवाने के साथ-साथ महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। स्वयंसेवकों और पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए व्यवस्थाएं संभालीं, जिससे श्रद्धालुओं को सुलभ और सुरक्षित दर्शन हो सके। कई स्थानों पर श्याम प्रेमी मंडलों द्वारा निशान यात्राएं भी निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु भजनों की धुन पर नाचते-गाते शामिल हुए।
