ब्यावर में सातवें दिन भी गरमाया श्री सीमेंट विरोधी आंदोलन: प्रबंधन के तीन अधिकारियों का फूंका पुतला, कांग्रेस-भाजपा और ‘आप’ का मिला समर्थन

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जल, जमीन, पर्यावरण, कृषि और स्थानीय रोजगार के अधिकारों की रक्षा के लिए श्री सीमेंट के खिलाफ ग्रामीणों का धरना सातवें दिन भी उग्र तेवरों के साथ जारी रहा। मांगों का कोई समाधान न निकलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने श्री सीमेंट मैनेजमेंट के अधिकारियों—नीरज शर्मा, विकास सिंघल और प्रशांत बाबू के पुतलों का दहन कर जोरदार विरोध जताया।

तीनों प्रमुख दलों के नेता आए साथ
आंदोलन को राजनीतिक गलियारों से भी बड़ा बल मिला है। धरना स्थल पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी, आम आदमी पार्टी के स्वास्थ्य प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष इकबाल काठात और भारतीय जनता पार्टी के अभिषेक सिंह चौहान ने पहुंचकर ग्रामीणों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। तीनों नेताओं ने ग्रामीणों की मांगों को जायज ठहराते हुए कहा कि वे इस लड़ाई में पूरी मजबूती से ग्रामीणों के साथ खड़े हैं।

वार्ता की मांग, उग्र आंदोलन की चेतावनी
धरना स्थल पर मीडिया से बातचीत में इकबाल काठात, अमीन काठात और सलीम काठात ने कहा कि ग्रामीण पिछले सात दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं, लेकिन प्रबंधन की अनदेखी के कारण उन्हें पुतला दहन जैसा कदम उठाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन जल, जमीन, पर्यावरण, कृषि और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है।

संघर्ष समिति ने प्रशासन से मांग की है कि श्री सीमेंट मैनेजमेंट और ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के बीच तुरंत वार्ता करवाकर ठोस समाधान निकाला जाए। चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।

ये लोग रहे उपस्थित
प्रदर्शन के दौरान भारत काठात खरवा, फिरोज काठात, मजीत काठात, अजमत काठात, समस्त संघर्ष समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा और महिलाएं धरना स्थल पर डटे रहे।