नशामुक्त युवा भारत अभियान में कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन

नुक्कड़ नाटक और संगीत प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ का करेंगे प्रतिनिधित्व

निम्बाहेड़ा 10 अगस्त,2026
स्मार्ट हलचल|युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नुक्कड़ नाटक एवं संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दोनों विजेता टीमों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

नशामुक्त समाज का दिया प्रभावी संदेश
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने तथा युवाओं की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय की टीमों ने अपनी प्रभावशाली एवं संदेशपरक प्रस्तुतियों से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में मीरा डांगी, गायत्री हरिजन, मनीष कुमावत, ममता वैष्णव, विष्णु जाट, आँचल सोलंकी, शीतल सालवी, प्रीति हरिजन, पवन प्रजापत सहित अन्य टीम सदस्यों ने प्रभावी अभिनय के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और उससे दूर रहने का संदेश दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से बचने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं संगीत प्रतियोगिता में काजल मेघवाल ने शानदार प्रस्तुति देकर जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों टीमों की प्रस्तुतियों को दर्शकों एवं निर्णायकों की सराहना मिली।

मार्गदर्शन एवं सहयोग से मिली सफलता
प्रतियोगिता की तैयारियां सहायक आचार्य आकाश टांक के निर्देशन में की गईं। तैयारी के दौरान सहायक आचार्य मेघा मंत्री एवं कुसुम गुर्जर का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। टीम के सदस्यों ने नियमित अभ्यास एवं बेहतर समन्वय के साथ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।

विश्वविद्यालय परिवार ने दी बधाई
इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की चेयरपर्सन कैलाश चन्द्र मूंदड़ा, कुलपति प्रो. महेश दीक्षित एवं अधिष्ठाता डॉ. स्मिता शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

विश्वविद्यालय की दोनों टीमों के जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समूचे विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। अब दोनों विजेता प्रस्तुतियां राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। विश्वविद्यालय परिवार को उम्मीद है कि विद्यार्थी जिला स्तर की सफलता को राज्य स्तर पर भी दोहराते हुए चित्तौड़गढ़ जिले एवं श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।