हर घर तिरंगा अभियान में रायपुर में गूंजी देशभक्ति, मंत्री अविनाश गहलोत ने निकाली तिरंगा रैली

दिव्यांगजनों समेत बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल, तिरंगे के साथ दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश

अनिल कुमार

ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल|‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आज नगर पालिका रायपुर की ओर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ रैली में सहभागिता निभाई।

नगर परिषद रायपुर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में दिव्यांगजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना का परिचय दिया। युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन रैली में शामिल हुए।
रैली के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मार्ग में आमजन ने तिरंगे का स्वागत करते हुए रैली में शामिल लोगों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने आमजन से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

तिरंगा रैली ने शहरवासियों में देशभक्ति, एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।