माउंट आबू में 28-29 नवम्बर को होगा दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल

प्रदेशभर के 250 स्कूलों के विद्यार्थी होंगे शामिल, पक्षी पहचान से लेकर चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

उदयपुर, 10 अगस्त। स्मार्ट हलचल|माउंट आबू में आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। वन विभाग, ग्रीन पीपल सोसाइटी एवं WWF के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस फेस्टिवल में प्रदेशभर के करीब 250 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पक्षियों एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनके संरक्षण के लिए भावी पीढ़ी को तैयार करना है।
ग्रीन पीपल सोसाइटी की सोमवार को टाउन प्लानर्स बिल्डिंग, उदयपुर में आयोजित मासिक बैठक में महोत्सव की रूपरेखा एवं तैयारियों पर विस्तार से चर्चा कर आयोजन को लेकर विभिन्न निर्णय लिए गए। महोत्सव में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन एवं पक्षी पहचान सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही एनसीसी एवं स्काउटिंग से जुड़े विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सहभागी बनाया जाएगा।

*शिक्षकों के लिए होगी विशेष कार्यशाला*
महोत्सव के तहत प्रत्येक चयनित विद्यालय से एक-दो शिक्षकों को आमंत्रित किया जाएगा। इन शिक्षकों के लिए विशेष पक्षी जागरूकता एवं संरक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को पक्षियों की पहचान, उनके पारिस्थितिक महत्व और संरक्षण की आवश्यकता से परिचित कराना है, ताकि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को पक्षी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक कर सकें।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पक्षी महोत्सव को केवल एक प्रतियोगितात्मक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने और जैव विविधता के संरक्षण का व्यापक जन-जागरूकता अभियान बनाया जाए।

बैठक में जयपुर से आए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री विक्रम सिंह, श्री राहुल भटनागर, श्री सुहेल मजबूर, श्री इंद्रजीत माथुर, श्री प्रताप सिंह चुंडावत सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
ग्रीन पीपल सोसाइटी ने महोत्सव को व्यापक एवं सफल बनाने के लिए वन विभाग, शिक्षा विभाग, विद्यालयों, एनसीसी, स्काउटिंग संगठनों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं से सक्रिय सहयोग की अपील की है।