राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आचार्य सम्मेलन का समापन

(चिमु धतरवाल)

तीन दिन तक चला प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं का दौर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आचार्य-दीदियों का हुआ सम्मान

बाड़मेर ।स्मार्ट हलचल|आदर्श शिक्षण समिति बाड़मेर के तत्वावधान में बायतु एवं बाड़मेर संकुल के तीन दिवसीय आचार्य सम्मेलन का सोमवार को आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय बाड़मेर में समापन हुआ। समापन समारोह में विद्या भारती जोधपुर प्रांत के सहमंत्री महेंद्र कुमार शर्मा एवं प्रांत कार्यकारिणी सदस्य मोहनलाल जोशी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पर देश की एकता, अखंडता और समानता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को मजबूत, स्वच्छ, शिक्षित एवं विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
विभिन्न विषयों पर दिया प्रशिक्षण
तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान आचार्यों को नई शिक्षा नीति, क्रियाधारित शिक्षण, विषय प्रशिक्षण, सुलेख, स्पोकन इंग्लिश, शारीरिक शिक्षा, योग, वंदना एवं बौद्धिक विकास सहित विभिन्न विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाने पर जोर दिया गया।
प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
सम्मेलन के दौरान सुलेख, श्रुतिलेख, कविता लेखन, कहानी लेखन, विचार प्रस्तुतीकरण, काव्य गीत एवं एकांकी सहित विभिन्न बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले आचार्य-दीदियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खुशबू खत्री ने काव्य गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समापन समारोह में नरसिंगाराम सुथार, नरेश गुप्ता, चेतनानंद बोहरा, प्रदीप शर्मा, नारायण माली, मगाराम चौधरी, मोहब्बत सिंह सोढ़ा, विजय जोशी, अरविंद शर्मा, सुरेश विश्नोई, महेश सोनी एवं कुंभाराम दर्जी सहित अनेक आचार्य उपस्थित रहे। जिला सचिव बलदेव व्यास ने सभी अतिथियों, आचार्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।