हरियालो राजस्थान अभियान के तहत चारागाह एवं पौधरोपण पर कार्यशाला

शामलात भूमि के पुनर्स्थापन, चारागाह संरक्षण और पौधों की उत्तरजीविता पर दिया प्रशिक्षण

चौहटन, स्मार्ट हलचल। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को पंचायत समिति चौहटन सभागार में चारागाह एवं पौधरोपण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बंजर भूमि एवं चारागाह विकास बोर्ड, फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी (FES), आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं जिला परिषद बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान में शामलात की पुनःस्थापना के लिए क्षमतावर्धन कार्यक्रम के तहत किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण, चारागाह एवं गोचर भूमि का संरक्षण एवं विकास, बंजर भूमि का पुनर्जीवन, प्राकृतिक संसाधनों का सतत प्रबंधन तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान आगामी पौधारोपण अभियान की कार्ययोजना, पौधारोपण की वैज्ञानिक विधि एवं सिद्धांत, गोल्डन रूल, पौधों की उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के उपाय तथा स्थावर परिसंपत्ति रजिस्टर (GP-4) के संधारण के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही चारागाह एवं गोचर भूमि के विकास एवं संरक्षण, चारागाह भूमियों के अभिलेखों के उचित रख-रखाव, VB-GRAMG के माध्यम से चारागाह संरक्षण तथा अतिक्रमण रोकने के उपायों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधारोपण, चारागाह विकास समितियों के सुदृढ़ीकरण एवं प्रभावी संचालन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पौधारोपण अभियान को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई गई।

प्रशिक्षण के दौरान चारागाह भूमि के संरक्षण एवं विकास, ग्राम सभाओं को प्रभावी बनाने, अतिक्रमण की रोकथाम तथा आवश्यक कार्रवाई के संबंध में दिशा-निर्देश और सुझाव दिए गए।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, भूमि कटाव की रोकथाम, बंजर भूमि के विकास, चारागाहों की उत्पादकता बढ़ाने, पशुधन के लिए चारे की उपलब्धता, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने तथा शामलात संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पंचायत समिति चौहटन के अतिरिक्त विकास अधिकारी प्रेम कुमार तथा फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी (FES) के हाकम सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण प्रदान किया। पंचायत समिति चौहटन के एईएन, ग्राम विकास अधिकारी एवं मेट सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों से हरियालो राजस्थान अभियान को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाने, अधिकाधिक पौधारोपण करने, चारागाह एवं गोचर भूमि का संरक्षण करने, ग्राम स्तर पर चारागाह विकास समितियों को सक्रिय एवं सशक्त बनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।