पेंशन अटकी है तो 18 अगस्त तक करें शिकायत, 18 सितंबर को लगेगी पेंशन अदालत

महेन्द्र नागौरी

पुलिस, जलदाय, नगर निकाय और चिकित्सा विभाग के पेंशनर्स की समस्याओं का होगा समाधान; जयपुर में आयोजित होगी पेंशन अदालत

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|पेंशन प्रकरणों और पेंशन लाभ से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पेंशन निदेशालय जयपुर की ओर से 18 सितंबर 2026 को पेंशन अदालत आयोजित की जाएगी। इसके लिए संबंधित पेंशनर्स से 18 अगस्त तक परिवेदनाएं मांगी गई हैं।कोषाधिकारी डॉ. गौरव सोमानी ने बताया कि पुलिस, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर निगम/परिषद/पालिका तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के पेंशनर्स, पारिवारिक पेंशनर्स और 30 जून 2026 तक सेवानिवृत्त हुए कार्मिक अपनी पेंशन संबंधी शिकायतें निर्धारित प्रारूप में दर्ज करा सकते हैं।
परिवेदनाएं कोष कार्यालय भीलवाड़ा अथवा संबंधित उपकोष कार्यालय में 18 अगस्त तक जमा करानी होंगी। पेंशन अदालत में इन प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।
परिवेदना प्रपत्र कोषाधिकारी कार्यालय व संबंधित उपकोष कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। पेंशनर्स की सुविधा के लिए प्रपत्र पेंशनर्स समाज के सोशल मीडिया ग्रुप में भी उपलब्ध कराया गया है।
समय सीमा का रखें ध्यान—18 अगस्त के बाद मिली परिवेदनाओं पर इस पेंशन अदालत में विचार नहीं हो सकेगा।