जैतारण में गूंजा ‘भारत माता की जय’, 100 मीटर लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली भव्य रैली

कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत की अगुवाई में उमड़ा जनसैलाब; मुख्य मार्गों पर हुआ जोरदार स्वागत

अनिल कुमार

ब्यावर/जैतारण।स्मार्ट हलचल|हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जैतारण शहर सोमवार को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया। कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के नेतृत्व में आयोजित भव्य तिरंगा रैली में हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। देशभक्ति के नारों और गीतों की गूंज के बीच निकली इस रैली में 100 मीटर लंबा विशाल तिरंगा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखकर हर शहरवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी इस रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

रैली को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ हमें राष्ट्रीय एकता के सूत्र में पिरोने और देशप्रेम की भावना को प्रगाढ़ करने का अवसर देता है।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस मुहिम को एक जन-आंदोलन बनाने की अपील की। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश देती इस रैली ने जैतारण में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की एक मिसाल कायम की।