चिमु धतरवाल
बायतु । स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हुड्डो की ढाणी में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया।
विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। विद्यार्थियों में तिरंगा रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी रैली का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
वरिष्ठ अध्यापक हरिसिंह कड़वासरा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने तथा हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया।
