महेन्द्र नागौरी
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा थाम लिया राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को गंगापुर और रायपुर ब्लॉक कार्यालयों में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा थामकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों ने तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत रखने का संकल्प लिया। सभी ने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के साथ एकजुट खड़े अधिकारियों-कर्मचारियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का आह्वान किया।
