ब्यावर में राज्य स्तरीय दल का औचक निरीक्षण: 39% अधिकारी और 42% कर्मचारी मिले नदारद, कई दफ्तरों पर लटके ताले

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के निर्देश पर मंगलवार सुबह 10 बजे राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने ब्यावर जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया। शासन उप सचिव सुनील कुमार शर्मा की अगुवाई में पहुंचे दल ने जब उपस्थिति पंजिकाओं और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की पड़ताल की, तो प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान कुल 52 उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की गई, जिसमें अनुशासन और समयबद्धता की धज्जियां उड़ती नजर आईं। जांचे गए 415 कार्मिकों में से कुल 174 अधिकारी और कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के गायब मिले। इनमें 84 राजपत्रित (Gazetted) अधिकारियों में से 33 (39.28%) तथा 331 अराजपत्रित (Non-Gazetted) कर्मचारियों में से 141 (42.59%) अनुपस्थित पाए गए।

आबकारी दफ्तर के मुख्य द्वार पर लगा था ताला
निरीक्षण दल को कई विभागों के कक्षों में ताले लटके मिले। हद तो तब हो गई जब जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही ताला जड़ा मिला, जिसके कारण टीम उपस्थिति रजिस्टर तक जब्त नहीं कर सकी। इसके अलावा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के सहायक अभियंता कक्ष, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के कैशियर कक्ष, जिला रसद कार्यालय में प्रवर्तन अधिकारी के कमरे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) परिसर स्थित RCHO कक्ष पर भी ताले मिले। CMHO कार्यालय की पहली मंजिल पर दुपहिया वाहन पार्क किए हुए पाए गए।

कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी
निरीक्षण टीम में सहायक शासन सचिव राम स्वरूप विश्नोई, अनुभागाधिकारी महेंद्र कुमार सरावता, चेना राम भदाला और लिपिक सुरेंद्र सिंह नौहवार शामिल थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं और अनुपस्थित कार्मिकों की विस्तृत रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जा रही है। समयबद्धता और कार्य संस्कृति में लापरवाही बरतने वाले सभी अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।