शहीदों की याद में भीलवाड़ा में गूंजेगा ‘स्वराज’, मशाल-तिरंगा यात्रा निकलेगी

एसपी सागर राणा ने किया पोस्टर विमोचन, 15 अगस्त को रेलवे स्टेशन से सूचना केंद्र तक निकलेगी राष्ट्रभक्ति की यात्रा

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित ‘स्वराज—महोत्सव आजादी का’ कार्यक्रम आयोजित होगा। दस्तक संस्था की ओर से होने वाले कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत 15 अगस्त को शाम 6.30 बजे रेलवे स्टेशन से होगी। यहां से हाथों में तिरंगा और मशाल लिए शहरवासी, युवा व सामाजिक कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन चौराहे से सूचना केंद्र चौराहे तक भव्य मशाल एवं तिरंगा यात्रा निकालेंगे। देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा शहीदों के बलिदान को नमन करेगी।
यात्रा के बाद सूचना केंद्र पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को महज उत्सव तक सीमित न रखते हुए शहीदों के त्याग, राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
एसपी सागर राणा ने आयोजन के लिए संस्था को शुभकामनाएं देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। संस्था ने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में तिरंगा व मशाल यात्रा में शामिल होने की अपील की है।