महेन्द्र नागौरी
113 मतों से दर्ज की शानदार जीत, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से समाजजनों ने किया भव्य स्वागत
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|खण्डेलवाल वैश्य सेवा संस्थान के द्विवार्षिक चुनाव में रमेश कुमार घीया ने लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 113 मतों के अंतर से पराजित किया।
रविवार को हुए मतदान में भीलवाड़ा के साथ शाहपुरा, जहाजपुर, बीगोद, गुलाबपुरा और टीटोड़़ी से समाजजनों ने उत्साह के साथ मतदान किया। सुबह 11 से शाम 4 बजे तक मतदान के बाद 4.30 बजे मतगणना शुरू हुई।
चुनाव समिति के पुरुषोत्तम ताम्बी ने समाज भवन में परिणाम घोषित करते हुए रमेश घीया को विजयी घोषित किया। जीत की घोषणा होते ही परिसर ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंज उठा। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिला सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।
समाजजनों ने शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने पर चुनाव पर्यवेक्षक महेश खूंटेटा, पुरुषोत्तम ताम्बी, मनीष गुप्ता एवं नीरज शाह का आभार जताया।
