राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली से लाई गई पावन रज कलश युक्त रथयात्रा के कोटड़ी पहुंचने पर भाजपा मंडल एवं कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, निवर्तमान प्रधान करण सिंह बेलवा एवं पूर्व प्रधान जमना लाल डिडवानिया सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रथयात्रा का स्वागत किया। विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने तथा कर्म को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा दी। संत रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संत परंपरा, महापुरुषों एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन सामाजिक एकता और समरसता की प्रेरणा देता है। वहीं निवर्तमान प्रधान करण सिंह बेलवा एवं पूर्व प्रधान जमना लाल डिडवानिया ने भी रथयात्रा का स्वागत करते हुए संत रविदास महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
रथयात्रा के कोटड़ी पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, जयघोष एवं पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजजन मौजूद रहे।
