भर्ती नियम बदलने समेत पांच मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|वाल्मीकि समाज की भर्ती संबंधी मांगों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस ब्रिगेड ने मोर्चा खोल दिया। नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र (कुणाल) गोरण के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समाज के हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन में सफाई भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता, संविदा भर्ती बंद कर स्थायी सीधी भर्ती, अनुभव प्रमाण-पत्र की बाध्यता खत्म करने, लॉटरी की जगह साक्षात्कार प्रणाली लागू करने तथा सम्मानजनक वेतन बढ़ाने की मांग की गई।
गोरण ने कहा कि वाल्मीकि समाज के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार ने जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस ब्रिगेड समाज के हक में उग्र आंदोलन करेगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश देसाई, लक्ष्मण लोट, बबलू गोरण, रामलाल गोयर सहित संगठन के पदाधिकारी और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
