नरेश कुरेडा
पीपलू ।स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र के प्रमुख मार्ग पांसरोतिया-झिराना सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव होने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पांसरोतिया गांव के मुख्य मार्ग की बदहाली दूर नहीं हो पा रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
यह मार्ग प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री डिग्गी कल्याणजी महाराज की लक्की पदयात्रा का प्रमुख रास्ता भी है। प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से डिग्गी धाम पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढों और भरे पानी के कारण पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि डिग्गी लक्की मेले और पदयात्रा शुरू होने से पहले पांसरोतिया-झिराना मार्ग की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
