जहाजपुर पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, नशा तस्करी से चोरी तक ताबड़तोड़ कार्रवाई

अलकेश पारीक

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल |अपराधियों की धरपकड़ को लेकर जहाजपुर पुलिस की ओर से चलाया जा रहा अभियान लगातार असरदार नजर आ रहा है।पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक साल से फरार दो इनामी व टॉप-10 वांछित डोडा-पोस्त तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं जहाजपुर कस्बे में मंदिर सहित अन्य स्थानों पर चोरी की वारदात करने वाले एक आरोपी को भी पुलिस ने दबोचा है।पुलिस के अनुसार डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी जमनालाल जाट निवासी श्रीपुरा थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ और रामचन्द्र वैष्णव निवासी श्रीपुरा थाना भैंसरोड़गढ़ को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी पुलिस की टॉप-10 वांछित सूची में शामिल थे तथा उनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित था।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने मजदूर बनकर आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और करीब एक साल से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

मंदिर चोरी के मामले में भी आरोपी गिरफ्तार

इधर, जहाजपुर कस्बे में बारह देवरा मंदिर सहित अन्य स्थानों पर चोरी की वारदात के मामले में पुलिस ने खटीक मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय लक्ष्य कुमार उर्फ लखना को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त को मंदिर में चोरी की शिकायत मिलने के बाद टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई। तकनीकी अनुसंधान एवं पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। वहीं आमजन में पुलिस की सक्रियता को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।

पुलिस का संदेश: नशा तस्करी, चोरी सहित अन्य अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।