रेनवाल में मानवाधिकार विकास संघ एचआरडीए के सखी सिलाई सेंटर का भव्य शुभारम्भ, महिलाओं को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

रेनवाल। स्मार्ट हलचल |मानवाधिकार विकास संघ एचआरडीए की ओर से संचालित सखी सिलाई सेंटर का बुधवार को रेनवाल में हर्षोल्लास के साथ भव्य शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एचआरडीए के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश तंवर ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर सेंटर का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ममता आशिवाल, प्रदेश टीम, जयपुर ग्रामीण टीम, रेनवाल तहसील टीम सहित क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं। सेंटर के माध्यम से प्रथम चरण में 25 महिलाओं को निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सिलाई जैसे व्यावहारिक कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से सक्षम और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर से ही सिलाई कार्य शुरू कर अपनी आय बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकेंगी।
मुख्य अतिथि राकेश तंवर ने कहा कि एचआरडीए ग्रामीण महिलाओं को हुनर देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना चाहता है। सखी सिलाई सेंटर महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देगा। प्रदेश अध्यक्ष ममता आशिवाल ने कहा कि सखी सिलाई सेंटर के माध्यम से महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होंगी और परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में सिलाई प्रशिक्षण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। एचआरडीए पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे केंद्रों का विस्तार किया जाएगा।