स्मार्ट हलचल|थांवला कस्बे के पुलिस थाने में बुधवार को सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 15 अगस्त राष्ट्रीय पर्व तथा आने वाले विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा करना रहा। थानाधिकारी उमराव जाट ने उपस्थित ग्रामीणों को 15 अगस्त सहित आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
बैठक में सड़क सुरक्षा और बढ़ते हादसों को लेकर भी चिंता जताई गई। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी सड़क हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके अलावा साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। वहीं युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए समाज और अभिभावकों से मिलकर इसके खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया। बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं पुलिस के सामने रखीं। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा बाजार में अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों से होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया। पुलिस ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए ग्रामीणों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर ढाणीपुरा के पूर्व सरपंच नंदलाल छाबा, रामनिवास घासल, प्रशासक प्रतिनिधि कैलाश कुमावत,एएसआई नरेंद्र सिंह जोधा,कांस्टेबल श्याम लाल,भूरा राम कस्वा, जवरी लाल कुमावत, मोहन लाल लीलड़ ,राहुल सिंह जोधा,परमाराम कुमावत सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
