बूंदी – स्मार्ट हलचल|जिले के लिए गर्व और सम्मान का एक और अवसर सामने आया है। बूंदी के पुलिस अधीक्षक आईपीएस अवनीश कुमार शर्मा को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा।
2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अवनीश कुमार शर्मा ने पुलिस सेवा में रहते हुए अपनी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी नेतृत्व से अलग पहचान बनाई है। उनके सम्मान की घोषणा से बूंदी पुलिस महकमे के साथ-साथ जिलेवासियों में भी खुशी की लहर है।
बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। इसी गरिमामय अवसर पर एसपी अवनीश कुमार शर्मा को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।
*बूंदी पुलिस परिवार में खुशी की लहर*
एसपी अवनीश कुमार शर्मा को मिलने वाला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत सेवाकाल की उपलब्धि है, बल्कि बूंदी पुलिस के लिए भी गौरव का विषय है। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिलने वाला यह सम्मान उनके समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर सम्मानित होने जा रहे एसपी अवनीश कुमार शर्मा को लेकर बूंदी जिले में गर्व का माहौल है। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
बूंदी की धरती के लिए यह सम्मान गौरव का क्षण है जिससे जिले का नाम राज्य स्तर पर एक बार फिर सम्मान के साथ रोशन होगा।
