प्रधान गुर्जर के मकान से ठाकुरजी मंदिर होते हुए बैरवा बस्ती तक पंचायत ने डलवाई लाल मुरम-ग्रामीणों ने जताया आभार
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|उनियारा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत झूण्डवा के गांगली गांव में बरसात के चलते पिछले कई दिनों से कीचड़ और जलभराव से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिली है। प्रधान गुर्जर के मकान से ठाकुरजी के मंदिर होते हुए बैरवा बस्ती तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत की ओर से लाल मुरम डलवाकर रास्ते को आवागमन योग्य बनाया गया है।
*स्कूली बच्चों और महिलाओं को हो रही थी परेशानी*
बारिश के बाद मार्ग पर कीचड़ जमा होने से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार कई बार राहगीर फिसलकर गिरने से चोटिल भी हुए। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की स्थिति सुधारने की मांग की थी।
*बीडीओ के निर्देश पर शुरू हुआ काम*
समस्या की गंभीरता को देखते हुए पंचायत समिति अलीगढ़ के ब्लॉक विकास अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर मार्ग को समतल करवाकर लाल मुरम डलवाई गई। इसके बाद ग्रामीणों को कीचड़ और जलभराव से काफी राहत मिली तथा आवागमन सुगम हो गया।
गांगली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रामभरोस मीना सहित ग्रामीणों ने बताया कि खण्ड विकास अधिकारी विजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मार्ग की समस्या को गंभीरता से लिया गया है।फिलहाल तत्काल राहत के लिए मुरम डलवाई गई है तथा जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि मार्ग पर पक्की सीसी रोड का निर्माण करवाया जा सके। सामाजिक कार्यकर्ता रामभरोस मीना ने कहा कि गांव की एकता और प्रशासन के सहयोग से समस्या का प्राथमिक समाधान संभव हो पाया है।उन्होंने इस समस्या को प्रमुखता से उठाने और समाधान तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका के लिए भी आभार जताया।
*ग्रामीणों ने जताया आभार*
मार्ग पर मुरम डलने के बाद मोहल्लेवासियों सहित पूरे गांव के लोगों ने खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि अब बरसात के दौरान भी इस मार्ग से आवागमन में पहले जैसी परेशानी नहीं होगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पंचायत समिति उनियारा के कार्यवाहक विकास अधिकारी विजय सिंह, सरपंच प्रशासक विमल हरिजन तथा ग्राम विकास अधिकारी रमेश प्रजापत द्वारा किए गए आश्वासन के अनुसार जल्द ही इस मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण करवाया जाएगा। इससे गांगली गांव के लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।
