निकाय चुनाव की आहट के बीच भीलवाड़ा में भाजपा का सियासी मंथन

(महेन्द्र नागौरी)

उपमुख्यमंत्री बैरवा की कार्यकर्ता बैठक और अफसरों से समीक्षा पर निगाहें, 14 अगस्त को शहर में रहेगा राजनीतिक हलचल का दौर

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|आगामी निकाय चुनावों की आहट के बीच भीलवाड़ा में भाजपा की राजनीतिक सक्रियता बढ़ने लगी है। 14 अगस्त को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा के भीलवाड़ा दौरे को चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। बैरवा शाम 5 बजे भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे जिला कलेक्टर सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
उपमुख्यमंत्री का कार्यकर्ता बैठक में पहुंचना ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक दल संगठन को सक्रिय करने और संभावित दावेदारों की जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। वार्ड स्तर की तैयारियों, संगठन की सक्रियता और चुनावी रणनीति को लेकर बैठक में मंथन की संभावना ने स्थानीय सियासी हलकों की नजरें भाजपा कार्यालय पर टिकाई हैं।
इसी दिन राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी भी भीलवाड़ा पहुंचेंगे। वे दोपहर 12 बजे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर शाम 3 बजे जयपुर रवाना होंगे। वित्त आयोग अध्यक्ष का दौरा भी निकायों से जुड़े विकास और वित्तीय मुद्दों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
15 अगस्त को उपमुख्यमंत्री बैरवा भाजपा जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके बाद पुलिस लाइन स्थित मुख्य समारोह में हिस्सा लेंगे।
निकाय चुनाव से पहले एक ही दिन उपमुख्यमंत्री का संगठनात्मक बैठक और प्रशासनिक समीक्षा में शामिल होना भाजपा के लिए सियासी और प्रशासनिक—दोनों मोर्चों पर अहम माना जा रहा है।