तिरंगे के रंग में रंगा जहाजपुर, गूंजे भारत माता की जय के जयकारे

देशभक्ति के जोश से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हाथों में लहराया तिरंगा तो नारों से गूंज उठा पूरा शहर

अलकेश पारीक

जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|देशभक्ति के जज्बे और राष्ट्रप्रेम के उत्साह से शुक्रवार को जहाजपुर का माहौल तिरंगामय नजर आया। नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में शान से लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे शहर में जोश भर दिया।तिरंगा यात्रा चावंडिया चौराहे से शुरू होकर हनुमान गेट, चमन चौराहा, नौ चौक, सदर बाजार, तकिया मस्जिद, भंवर कला गेट और बस स्टैंड होते हुए नगर पालिका परिसर पहुंची। यात्रा जिस रास्ते से गुजरी, वहां लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगे का अभिवादन किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयकारों से पूरा जहाजपुर गूंजता रहा।

यात्रा में विधायक गोपीचंद मीणा, उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रेवड़मल मोर्य, थानाधिकारी दयाराम चौधरी, विकास अधिकारी सीताराम मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे।

तिरंगे ने बांधा एकता के सूत्र में

तिरंगा यात्रा के दौरान नगर में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना कि हर तरफ तिरंगा ही तिरंगा नजर आया। युवाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाते लोगों ने देश की आन-बान-शान तिरंगे को नमन किया।

यात्रा ने जहाजपुर में राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। देशभक्ति के नारों के बीच निकली यह यात्रा दिनभर नगर में चर्चा का विषय बनी रही।