स्वतंत्रता दिवस से पहले ब्यावर में DLSA और खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विद्यालयों और सरकारी विभागों में बांटी जाने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), ब्यावर हरकत में आ गया है।माननीय अध्यक्ष (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) हारून के निर्देशानुसार प्राधिकरण की सचिव सोनल पारीख के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

स्वच्छता और मानकों की हुई जांच
अभियान के तहत सचिव सोनल पारीख और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने मसूदा रोड स्थित एक प्रमुख मिठाई निर्माण इकाई का औचक निरीक्षण किया। टीम ने मिठाइयां बनाने में इस्तेमाल हो रहे घी, तेल, मावा, दूध और अन्य कच्चे माल की गुणवत्ता के साथ-साथ वहां की स्वच्छता और भंडारण (स्टोरेज) व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

सैंपल लिए, लाइसेंस जांचा
कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संदिग्ध मिठाइयों और खाद्य सामग्रियों के नमूने (सैंपल) सील कर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला (लेब) भेज दिए हैं।

जागरूकता एवं हिदायत:

निरीक्षण के दौरान सचिव सोनल पारीख ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के कड़े प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और केवल शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही निर्माण व विक्रय किया जाए।