विभाजन की पीड़ा को किया याद, सामाजिक समरसता का लिया संकल्प

अनिल कुमार

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर नगर परिषद ब्यावर में शुक्रवार को श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान विस्थापन और संघर्ष झेलने वाले लोगों के त्याग एवं बलिदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत, राजस्व अधिकारी मोहिन्द्र राय फुलवारी, असेसर विनीता प्रजापति, कनिष्ठ अभियंता कपिल गोरा सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस दौरान सिंधी समाज के प्रतिनिधियों जेठानंद त्रिलोकनी, हेमंत देवनानी, रेनू परवानी, रजनी सदनानी, सुनील आडवाणी, प्रकाश एवं कमलेश गिलानी ने विभाजन के दौर की परिस्थितियों और विस्थापन के दौरान झेली गई पीड़ा एवं संघर्ष के अनुभव साझा किए।

वक्ताओं ने कहा कि विभाजन देश के इतिहास की बेहद पीड़ादायक घटना थी। लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। सिंधी समाज ने भी विस्थापन और पुनर्वास की कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन साहस, मेहनत और संघर्ष के बल पर नए स्थानों पर जीवन को फिर से स्थापित किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवा पीढ़ी से इतिहास से सीख लेकर आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभाजन से प्रभावित परिवारों और दिवंगत आत्माओं को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।