विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर ब्यावर में शहीदों और विस्थापितों को किया नमन

कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और विधायक शंकर सिंह रावत के सानिध्य में हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|देश के विभाजन के दौरान अपनी मातृभूमि से विस्थापित हुए लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए ब्यावर के सेंदड़ा रोड स्थित अशोक पैलेस में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। विधायक शंकर सिंह रावत के सानिध्य में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं शहरवासियों ने विभाजन के पीड़ितों और बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन केवल देश के भूगोल का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों परिवारों की पीड़ा, विस्थापन और अनगिनत बलिदानों की त्रासदी थी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को विभाजन के इस काले अध्याय से अवगत कराना और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।

वक्ताओं ने कहा कि इतिहास की त्रासद घटनाओं से सीख लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विभाजन के दौरान अपना सब कुछ खोने वाले परिवारों तथा प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया।

ये रहे मौजूद

समारोह में निवर्तमान सभापति नरेश कनोजिया, निवर्तमान प्रधान गणपत सिंह चौहान सहित भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, शहरी एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं शहरवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन संयोजक वीरेन्द्र सिंह रावत ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मौन रखकर विभाजन के पीड़ितों एवं बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।