शहर में पहली बार 2 से 6 सितंबर तक आयोजित होगी पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप; 220 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी पहुंचेंगे भीलवाड़ा

भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल/पुनित चपलोत)

भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल/वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में पहली बार बड़े स्तर पर ‘इंटर स्टेट नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप’ का आयोजन होने जा रहा है। राजस्थान बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में जिला भीलवाड़ा बैडमिंटन संघ की मेजबानी में 2 से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 7 राज्यों के करीब 220 शीर्ष खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। खिलाड़ियों के साथ टेक्निकल ऑफिसर्स एवं निर्णायकों सहित 250 से अधिक प्रतिनिधि भीलवाड़ा पहुंचेंगे।

उत्तर भारत के 7 राज्यों की टीमें होंगी आमने-सामने

प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान की टीमें भाग लेंगी। चैंपियनशिप में टीम स्पर्धाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत मुकाबले भी आयोजित होंगे। इस प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान टीम को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए सीधे प्रवेश (डायरेक्ट एंट्री) का अवसर मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे उद्घाटन

आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन 2 सितंबर को शाम 6 बजे केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, मांडल विधायक गोपाल खंडेलवाल, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, मांडलगढ़ विधायक उदयलाल भडाना और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

🏸 29 अगस्त से शुरू होगा राजस्थान टीम का विशेष कैंप

राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव के.के. शर्मा ने बताया कि जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम का विशेष प्रशिक्षण शिविर 29 अगस्त से भीलवाड़ा में शुरू होगा। पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कोच संजीव सचदेवा, क्रीड़ा परिषद के कोच यादवेन्द्र सिंह और महिला कोच गरिमा शर्मा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। चैंपियनशिप में एस-30 शटल का उपयोग किया जाएगा।

तैयारियां जोरों पर, समिति ने संभाला मोर्चा

आयोजन सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास और मैच संचालन की अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति में निशांत मेवाड़ा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), राजेश भदादा, रोशन डाम व सुशील वर्मा (उपाध्यक्ष), विजय सिंह शक्तावत (स्वागत समिति अध्यक्ष), जितेश खत्री, भूपेंद्र सिंह पंवार, साहिल सालगिया, अभिषेक शर्मा (भोलू) एवं मीडिया प्रभारी पीयूष कुलश्रेष्ठ व हीरालाल जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रेस वार्ता में जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत भी मौजूद रहे।