किया सोनेट कार से तस्करी का खुलासा, नाकाबंदी तोड़कर भागने का किया प्रयास; कार जब्त
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ब्यावर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 129.410 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने डोडा पोस्त के परिवहन में प्रयुक्त किया सोनेट कार RJ06CF7199 को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पुलिस थाना कल्याणपुर जिला बालोतरा का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।यह कार्रवाई महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के सुपरविजन में की गई। जिला स्पेशल टीम, पुलिस थाना ब्यावर सदर एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को जिला साइबर सेल प्रभारी पवन सिंह को सूचना मिली कि काले रंग की किया सोनेट कार में डोडा पोस्त भरकर ब्यावर से रूपनगर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध कार का पीछा किया तथा रूपनगर में नाकाबंदी करवाई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोका और चालक को हिरासत में लिया। कार की तलाशी लेने पर 10 प्लास्टिक के कट्टों में डोडा पोस्त बरामद हुआ। वजन करने पर कुल 129.410 किलोग्राम डोडा पोस्त पाया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राम पुत्र पाबूराम, उम्र 32 वर्ष, निवासी शिशपाला की ढाणी, डोली कल्ला, पुलिस थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह पुलिस थाना कल्याणपुर का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से हुई और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में आरोपी से पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में थानाधिकारी ब्यावर सदर गजराज सिंह, जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह, अरविन्द कुमार, रामजस, जितेन्द्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी पवन सिंह, भवानी सिंह, देशराज, सुरेन्द्र सिंह, सुखपाल एवं हरेन्द्र सहित पुलिस टीम के सदस्य शामिल रहे।
