अरवड़। स्मार्ट हलचल|कस्बे में सोमवार को त्रिवेणी से अरवड़ की दूसरी कावड़ यात्रा पहुंचने पर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। 26 कावड़ियों का दल त्रिवेणी से पवित्र जल लेकर अरवड़ पहुंचा। कावड़ यात्रा के कस्बे में पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
कावड़ियों के अरवड़ पहुंचने के बाद नई अरवड़ एवं पुरानी अरवड़ में डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कावड़िए एवं श्रद्धालु भगवान शिव के भजनों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
नई अरवड़ में शोभायात्रा शिवजी की छतरी मंदिर परिसर पहुंची, जहां पंडितों के सानिध्य में कावड़ियों द्वारा त्रिवेणी से लाए गए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया गया। इसके साथ ही भगवान शिव का दुग्धाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
इसके बाद कावड़ यात्रा पुरानी अरवड़ पहुंची। यहां तालाब की पाल पर स्थित शिव मंदिर में भी पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को साबूदाने की खीर का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कावड़ यात्रा के दौरान कस्बे में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।