42.600 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, अल्टो कार जब्त

ब्यावर सदर पुलिस की एक माह में तीसरी बड़ी कार्रवाई, नाकाबंदी तोड़कर भागने का किया प्रयास

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ब्यावर सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 42.600 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त अल्टो के-10 कार RJ06CG4418 को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना ब्यावर सदर की एक माह में यह तीसरी कार्रवाई है।पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को आरपीएस (प्रोबे.) अनिल पंवार को सूचना मिली थी कि सिल्वर रंग की अल्टो के-10 कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त भरकर ब्यावर खास से रूपनगर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रूपनगर के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान ब्यावर खास की तरफ से एक सिल्वर रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया। चालक के संतोषप्रद जवाब नहीं देने पर कार की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार से तीन प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। जांच में कट्टों में डोडा पोस्त पाया गया। वजन करने पर कुल 42.600 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भजन लाल पुत्र रामस्वरूप सियाग, उम्र 24 वर्ष, निवासी गुड़ा बिश्नोईयान, पुलिस थाना कुड़ी, जिला जोधपुर आयुक्तालय के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल, जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के निकटतम सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में थानाधिकारी गजराज, आरपीएस (प्रोबे.) अनिल पंवार, हेड कांस्टेबल रामनिवास, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल मांगीलाल, कांस्टेबल छोटल सिंह एवं कांस्टेबल हरेन्द्र शामिल रहे।