छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोटा। स्मार्ट हलचल|राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगमन के दौरान छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोककर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में नाराजगी जताई।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर वे राजकीय महाविद्यालय,कोटा से शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना हो रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें महाविद्यालय परिसर से बाहर जाने से रोक दिया और मौके से कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक एनएसयूआई प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा, मोहित वाल्मीकि, रोहित मेघवाल और दिलीप मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं दिव्यांश सोनी, हिमांशु मीणा, अफजल खान और लोकेन्द्र वाल्मीकि सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
रिद्धम शर्मा ने आरोप लगाया कि वे किसी प्रकार का विरोध या व्यवधान उत्पन्न करने के बजाय मुख्यमंत्री तक छात्रों की मांग पहुंचाने के लिए ज्ञापन देने जा रहे थे। उनका कहना है कि ज्ञापन सौंपने से पहले ही उन्हें महाविद्यालय परिसर से बाहर जाने से रोक दिया गया और पुलिस कार्रवाई की गई।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक पहुंचाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।