भीलवाड़ा में पहली बार जुटेंगे देश-नेपाल के 350 से अधिक प्रतिनिधि

(महेन्द्र नागौरी)

वनवासी कल्याण आश्रम की 6 दिवसीय अखिल भारतीय बैठक 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक | हरणी महादेव के पास रामेश्वरम भवन में होगा आयोजन

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की 6 दिवसीय अखिल भारतीय बैठक पहली बार भीलवाड़ा में आयोजित होने जा रही है। 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के 40 से अधिक प्रांतों तथा नेपाल राष्ट्र से 350 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय ने भीलवाड़ा महानगर की बैठक में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा।
रामेश्वरम भवन में होगा आयोजन:-
प्रांत नगरीय प्रमुख रामप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए ज्ञानचंद जैन को संयोजक नियुक्त किया गया है। जिला उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि बैठक हरणी महादेव के पास स्थित रामेश्वरम भवन में होगी। आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला सचिव कैलाश नंदावत ने बताया कि तैयारियों को लेकर आयोजित महानगर इकाई की विस्तृत बैठक में जिला, महानगर एवं महिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई।
पहली बार भीलवाड़ा में होने वाला यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन शहर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां छह दिनों तक देशभर के प्रतिनिधियों का जमावड़ा रहेगा।