खाने में छिपकली मिलने की शिकायत पर फूडफार्म में कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा टीम ने पुराने तेल व बिना लेबल ब्रेड कराई नष्ट, मिठाइयों के भी लिए नमूने

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने देलवाड़ा रोड स्थित हर्षित शर्मा फूडफार्म पर उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर एवं जिला कलक्टर ब्यावर कमल राम मीणा के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि उपभोक्ता की शिकायत में खाने में जहरीली छिपकली पाए जाने की बात सामने आई थी। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के एफएसएस एक्ट के तहत नमूने लिए गए। मौके पर पुराने खाद्य तेल को नष्ट कराया गया तथा बिना लेबल वाली ब्रेड भी नष्ट कराई गई। प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देशों की पालना के लिए पाबंद किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में वितरित होने वाली मिठाई एवं लड्डुओं की भी जांच की गई और उनके नमूने लिए गए। सभी नमूने जांच के लिए अजमेर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में विशेष खाद्य शुद्धता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आगामी चरण में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकान, कैफे, फल-सब्जी विक्रेताओं, मिर्च-मसाले, खाद्य तेल, अनाज एवं सब्जी मंडी, फास्ट फूड कैबिन तथा समोसा-कचौरी निर्माताओं का निरीक्षण किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।