नागचन्द्रेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार एवं छप्पन भोग का आयोजन

रुद्राभिषेक व महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा दुर्ग

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित श्री नागचन्द्रेश्वर महादेव मंदिर में 17 अगस्त 2026, सोमवार को भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन दुर्ग के श्री बाल मानस मंडल के सानिध्य में संपन्न हुआ।इस अवसर पर मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की अयोध्या वाली प्रतिमा भी विराजित की गई। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया। भगवान नागचन्द्रेश्वर महादेव का मनोहारी श्रृंगार कर उन्हें फूल, फल एवं विभिन्न प्रकार की प्रसादी का भोग अर्पित किया गया।

पंडित एवं पुजारी जुगल किशोर शर्मा ने महाआरती संपन्न कराई। वहीं पुजारी महेश चंद्र शर्मा, दिनेश चंद्र शर्मा एवं सत्यनारायण शर्मा के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

शाम को डमरू, ढोल-नगाड़ों एवं मंजीरों की भक्तिमय धुनों के बीच महाआरती हुई। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव की आराधना की और भक्तिरस में लीन हो गए।

धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण शामिल हुए। हरीश ईनाणी, मनोहर सुथार, भगवान लाल, देवकीनंदन, मुकेश, प्रवेश, प्रीतम, अनिल एवं गोपाल शर्मा सहित अन्य भक्तों ने भगवान नागचन्द्रेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।