27 अगस्त से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 9 और 11 सितंबर को मतदान; 14 सितंबर को होगी मतगणना, चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही आचार संहिता लागू
भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में आम चुनाव दो चरणों में करवाए जाएंगे। भीलवाड़ा जिले में नगर निगम भीलवाड़ा सहित कुल 11 नगरीय निकायों में चुनाव होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के अनुसार भीलवाड़ा जिले में पहले चरण में नगर निगम भीलवाड़ा और नगर पालिका बीगोद में मतदान होगा। वहीं दूसरे चरण में नगर पालिका आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजौलिया में चुनाव होंगे।
27 अगस्त को जारी होगी चुनाव की लोक सूचना
सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए 27 अगस्त 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
9 और 11 सितंबर को होगा मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 को तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को कराया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। दोनों चरणों के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।
21 सितंबर को अध्यक्ष पदों के लिए मतदान
नगरीय निकायों के अध्यक्षीय पदों के लिए 15 सितंबर 2026 को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 16 सितंबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर और अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसी दिन अभ्यर्थिता वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
22 सितंबर को होगा उपाध्यक्ष पद का चुनाव
उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 11.30 बजे से होगी तथा अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा।
आवश्यकता होने पर उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान अपराह्न 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के साथ आचार संहिता लागू
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं आमजन से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने में सहयोग करने का आह्वान किया है।
भीलवाड़ा जिले में दो चरणों में चुनाव
प्रथम चरण — 9 सितंबर 2026:
नगर निगम भीलवाड़ा और नगर पालिका बीगोद।
द्वितीय चरण — 11 सितंबर 2026:
नगर पालिका आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजौलिया।
इस चुनाव कार्यक्रम के साथ भीलवाड़ा जिले के शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
