कनवाड़ा बावड़ी रास्ता बंद, ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापनः तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाकर रास्ता खोलने के दिए निर्देश, मिला आश्वासन

अविनाश मीणा

घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|दूनी तहसील के ग्राम सांकली में गणेश जी की बावड़ी समिति द्वारा सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने से परेशान ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि समिति बार-बार अनुरोध के बावजूद रास्ता नहीं खोल रही थी, जिससे आवागमन में भारी असुविधा हो रही थी।समस्या की गंभीरता को देखते हुए, सांकली के ग्रामीण बड़ी संख्या में दूनी तहसील पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार से न्याय की गुहार लगाते हुए बताया कि रास्ता बंद होने से उन्हें दैनिक आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की शिकायत पर दूनी तहसीलदार अजय कुमार पांडे ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने कनवाड़ा के सरपंच दीनबंधु नागर से फोन पर बात की और पटवारी को तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने समिति द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर रास्ता सुचारू रूप से खोलने का आदेश दिया और ग्रामीणों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में बताया कि गणेश जी की बावड़ी से सांकली तक एक सार्वजनिक रास्ता था, जिसे गणेश जी बावड़ी समिति ने बंद कर दिया है। समिति ने एक वैकल्पिक रास्ता दिया है, जिस पर एक चबूतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, इस चबूतरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पुराने रास्ते को ही फिर से चालू करने की मांग की, जिस पर पोल और खंभे लगाए गए थे।

ज्ञापन सौंपने और रास्ता खुलवाने की मांग के दौरान संजय मीणा, किसनगोपाल मीणा, राधेश्याम मीणा, हनुमान मीणा, रामदेव मीणा, राकेश प्रधान मीणा, महावीर मीणा, राजेंद्र मीणा, हिमतराज, रामप्रकाश मीणा सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।