मिलावट पर प्रशासन की सख्ती, तीन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने, खराब तेल व दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

रीको एरिया और मीरा सर्किल में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, जांच के लिए अजमेर भेजे गए सैंपल

खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएमएचओ डॉ. शर्मा

पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को शहर में मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए तथा खराब तेल व दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विभागीय टीम ने रीको एरिया स्थित मैसर्स निकिता फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण कर नमकीन का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान लगभग 50 लीटर खराब तेल मिलने पर उसे जनहित में तत्काल नष्ट करवाया गया। इसी क्रम में रीको एरिया की मैसर्स सुखवाल बेकरी से बिस्किट का नमूना लिया गया तथा करीब 20 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं मीरा सर्किल स्थित मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भण्डार से पेड़े का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया। सीएमएचओ ने बताया कि सभी खाद्य नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, साक्षी जैन एवं नीरज मीणा शामिल रहे। डॉ. शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।